जिंदगी में सफलता उन्हीं को मिलती है जो संघर्ष से नहीं घबराते। जिनके अंदर कुछ कर दिखाने की चाह होती है वो अपने सपनों को ज़रूर पूरा करते हैं। इस बात का प्रत्यक्ष उदाहरण है 2020 मिस इंडिया रनर अप का खिताब जीतने वाली मान्या सिंह। मान्या सिंह के पिता एक ऑटो ड्राइवर है। एक ऑटो ड्राइवर की बेटी के लिए मिस इंडिया का सपना देखना ही दर्शाता है कि मान्या के हौसलें कितने बुलंद है। वीएलसीसी फेमिना मिस इंडिया 2020 के विनर का खिताब भले ही तेलंगाना की मानसा वाराणसी ने जीता हो। लेकिन फर्स्ट रनरअप रहीं उत्तर प्रदेश की मान्या सिंह की आज सोशल मीडिया पर जबरदस्त चर्चा हो रही है। मान्या सिंह के सोशल मीडिया पर छाए रहने के पीछे की असल वजह उनका संघर्ष है। आज अपनी मेहनत के बलबूते पर मान्या सिंह ने अपने परिवार के लिए एक घर लिया है। कभी पैसों की कमी और समाज में अपनी पहचान बनाने के लिए जूझने वाली मान्या सिंह ने अपनी मेहनत से सफलता की कहानी लिखी है। आइए जानते हैं उनके जीवन का प्रेरक सफ़र के बारे में।

संघर्ष में बीता बचपन

साल 2001 में उत्‍तर प्रदेश के कुशीनगर के एक सामान्य परिवार में जन्मी मान्या सिंह के पिता ओमप्रकाश सिंह एक ऑटो रिक्‍शा ड्राइवर हैं। मान्या सिंह का बचपन काफी संघर्षों में बीता। मान्या सिंह के घर की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं थी। उनके पिता ऑटो चलाकर परिवार का पालन-पोषण करते थे। लेकिन घर के हालात सही ना होने के कारण उनकी मां मनोरमा देवी ने अपने गहनों को भी गिरवी रखना पड़ा। मान्या सिंह ने अपनी हाई स्कूल की परीक्षा महाराष्ट्र के कोलाहपुर के एक स्कूल से पास की थी। इसके बाद वह ग्रेजुएशन की पढ़ाई के लिए ठाकुर कॉलेज ऑफ साइंस एंड कॉमर्स मुंबई चली गयी। मान्या ने कम उम्र से ही कई जगह नौकरी करना शुरु कर दिया था।

पढ़ाई पूरी करने के लिए कई जगह किया काम

मान्या सिंह ने अपनी पढ़ाई के खर्च को पूरा करने के लिए कई जगहों पर काम भी किया। उन्होंने कई रातें बिना सोए और खाए पिए बिताई। कई बार भरी दोपहर में वो पैदल चलती थी ताकि रिक्शे के पैसे बच जाए। मान्या जब 14 साल की थी तो उन्होंने अपनी पढ़ाई को पूरी करने के लिए पार्ट टाइम में नौकरी की। मान्या सिंह ने 10वीं बोर्ड परीक्षा में 80% अंक प्राप्त किए। इसके अलावा आगे की पढ़ाई के लिए उन्होंने रात में कॉल सेंटर में भी काम किया। मान्या ने यह सब कुछ अपने सपने और परिवार के लिए किया था।

ऐसे मिला मॉडलिंग का मौक़ा

मान्या सिंह ने बैचलर ऑफ बैंकिग एंड इंश्योरेंस करने के बाद मॉडलिंग की दुनिया में कदम रखा था। यहां उन्होंने कई विज्ञापनों में अपने एक्टिंग का जादू भी दिखाया। जिसके बाद मान्या सिंह ने वीएलसीसी फेमिना मिस इंडिया 2020 के लिए नामांकन कराया। मान्या सिंह भले ही मिस इंडिया का ख़िताब अपने नाम नहीं कर पाई लेकिन अपने हुनर और मेहनत के दम पर मान्या सिंह ने वीएलसीसी फेमिना मिस इंडिया 2020 की पहली रनरअप का खिताब अपने नाम किया।

परिवार के लिए ख़रीदा घर

अभी हाल ही में मान्या सिंह ने अपनी कड़ी मेहनत के दम पर अपने माता-पिता के लिए सपनों का आशियाना ख़रीदा है। उन्होंने अपने माता-पिता को घर तोहफे में दिया। उन्होंने यह घर सपनों के शहर मुंबई में खरीदा । उन्होंने अपने सोशल मीडिया पर कुछ तस्वीरें और वीडियो शेयर किए हैं, जिसमें उनके नए घर की झलक साफ देखने को मिल रही है। मान्या के घर की पूजा और गृह प्रवेश की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर छाई हुई हैं।

आज हर कोई मान्या सिंह की मेहनत और उनके जज़्बे को सलाम कर रहा है। अपनी सफलता पर मान्या का कहना है कि कोई भी काम नामुमकिन नहीं है अगर आप ठान लो तो कुछ भी कर सकते हो, बस खुद पर विश्वास और मेहनत करने की इच्छा होनी चाहिए। मान्या सिंह आज लाखों लोगों के लिए प्रेरणास्त्रोत बन चुकी हैं।