इस साल जब 22 जनवरी को अयोध्या में श्रीराम मंदिर की प्राणप्रतिष्ठा हुई, तब प्रसिद्ध टीवी धारावाहिक रामायण की और उसमें अभिनय करने वाले कलाकारों की फिर से चर्चा होने लगी। 1987 में आए टीवी धारावाहिक रामायण में अभिनय करने वाले अरुण गोविल, दीपिका चिखलिया, स्व. दारा सिंह जी को तो सब जानते हैं। लेकिन एक कलाकार ऐसा भी था, जो आज कहाँ है, शायद ही किसी को पता हो।

हम बात कर रहे हैं रामायण में श्रीराम के बेटे लव का किरदार निभाने वाले मयूरेश क्षेत्रमाडे की, जो आज फ़िल्मी दुनिया से दूर हैं और अमेरिका में एक कंपनी के CEO के रूप में काम कर रहे हैं।

जानिये मयूरेश क्षेत्रमाडे की अभिनेता से बिज़नेसमैन बनने तक की कहानी –

नाम: मयूरेश क्षेत्रमाडे
जन्म: 1976, मुंबई, महाराष्ट्र
शिक्षा: मुंबई विश्वविद्यालय से स्टेटिस्टिक्स में ग्रेजुएशन

मुंबई विश्वविद्यालय से इकोनॉमिक्स में मास्टर

टेक्सस विश्वविद्यालय से इकोनॉमिक्स में MS

प्रसिद्धि: रामायण सीरियल में लव के किरदार का अभिनय
वर्तमान पद: कमीशन जंक्शन के CEO

कौन है मयूरेश क्षेत्रमाडे

रामायण धारावाहिक का पहला एपिसोड 25 जनवरी 1987 को आया था, बाद में रामायण के उत्तरकाण्ड पर आधारित रामायण धारावाहिक का दूसरा पार्ट 1988 में प्रसारित हुआ। रामायण के इस पार्ट में स्वप्निल जोशी ने कुश का किरदार निभाया था, वहीं लव का किरदार मयूरेश क्षेत्रमाडे ने निभाया था। मयूरेश का जन्म 1976 में महाराष्ट्र के मुंबई में हुआ था। रामायण धारावाहिक में सिलेक्शन के समय मयूरेश 11 साल के थे और उस समय स्कूल में पढ़ते थे। 1989 में रामायण धारावाहिक खत्म होने के बाद मयूरेश ने अभिनय भी छोड़ दिया और अपनों पढ़ाई पर फिर से फोकस किया।

फाइनेंस के क्षेत्र में बनाया करियर

मयूरेश ने मुंबई से अपनी स्कूली शिक्षा प्राप्त की। उसके बाद उन्होंने 1997 में मुंबई विश्वविद्यालय से स्टेटिस्टिक्स में ग्रेजुएशन किया और 1999 में वहीं से अर्थशास्त्र में पोस्ट ग्रेजुएशन किया। इसके बाद फाइनेंस में अपना करियर बनाने के लिए अमेरिका चले गए और 2002 में टेक्सस यूनिवर्सिटी से इकोनॉमिक्स में MS किया। उसके बाद मयूरेश वहीं पर अलग अलग कम्पनियों में जॉब करने लगे।

वर्ल्ड बैंक में भी किया काम

मयूरेश ने 2003 में वर्ल्ड बैंक में जॉब करना शुरू किया, 2 साल वहां जॉब करने के बाद लंदन इकोनॉमिक्स इंटरनेशनल LLC में काम करना शुरू किया। उसके बाद अलग अलग कम्पनियों में काम करते हुए दिसंबर 2016 में मयूरेश ने सीनियर वाईस प्रेसिडेंट के रूप में कमीशन जंक्शन को जॉइन किया और आज वो इस कंपनी में CEO के पद पर काम कर रहे हैं।

रामायण में लव का किरदार निभाने वाले मयूरेश ने स्पाइट एंड डेवलपमेंट नाम से किताब भी लिखी है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार 2022 में कमीशन जंक्शन का रेवेन्यू 1400 करोड़ रुपये का है। आज मयूरेश अपने परिवार के साथ न्यूयॉर्क में ही रहते हैं और आज उनका वास्ता फ़िल्मी दुनिया से नहीं बल्कि कॉर्पोरेट जगत से है।