जीवन में सफल होने के लिए इंसान में आत्मविश्वास होना बहुत ज़रूरी है। आत्मविश्वास के साथ इंसान किसी भी क्षेत्र में अपना सर्वश्रेष्ठ दे सकता है। लेकिन अगर आत्मविश्वास में कमी हो, तो इंसान ना सिर्फ करियर बल्कि जीवन के भी कई मोर्चों पर हार जाता है। आत्मविश्वास की कमी के कारण इंसान जो भी फैसला लेता है, उस पर उसे हमेशा संदेह रहेगा। यह संदेह उसे आगे बढ़ने से रोकता है।

किसी इंसान के जीवन में आत्मविश्वास की कमी होने के कई कारण हो सकते हैं। आज हम आपको बता रहे हैं कुछ ऐसे कारण, जिनकी वजह से कई लोगों के आत्मविश्वास में कमी होती है –

दूसरों से तुलना :

सभी लोगों में असफलता का एक बड़ा कारण है दूसरों से तुलना करना। बचपन से ही माता-पिता और दूसरे लोग बच्चों की दूसरे लोगों से तुलना करते हैं। जैसे किसी और के ज्यादा नंबर आने पर, किसी और की अच्छी नौकरी लगने पर, सभी लोग उस इंसान का उदाहरण देने लगते हैं। ऐसे में उस इंसान के मन में कुछ ना कर पाने का डर बैठ जाता है और उसके आत्मविश्वास में कमी आती है।

असफल होने का डर :

जब भी कोई इंसान कोई भी काम शुरू करता है, तो उसके मन में सबसे पहले असफल होने की शंका पैदा होती है। कई बार इंसान इस डर के कारण या तो मेहनत ही नहीं करता या कम मेहनत करता है। इसका परिणाम होता है कि उसके आत्मविश्वास में कमी आ जाती है। इसलिए श्रीकृष्ण ने श्रीमद्भगवद्गीता में कहा है कि हमें कभी भी परिणाम के बारे में नहीं सोचना चाहिए, बल्कि पूरी लगन और मेहनत के साथ कर्म करते रहना चाहिए।

असफलता या रिजेक्शन :

कई बार इंसान हाल ही में मिली असफलता या रिजेक्शन को मन में बैठा लेता है। किसी परीक्षा में कम नंबर आना, नौकरी के इंटरव्यू में असफल होना या प्यार में ही रिजेक्ट होना, ये ऐसे कारण हैं, जो इंसान को कई बार अंदर से तोड़ देते हैं। जिसके कारण उसके अंदर आत्मविश्वास की कमी हो जाती है।

खुद की बॉडी या लुक पर शर्म :

लोगों में आत्मविश्वास की कमी का एक बड़ा कारण बॉडी स्ट्रक्चर और लुक होता है। आज के समय में लोग किसी इंसान को उसके बिहेवियर के कारण नहीं, बल्कि उसकी बॉडी और उसके लुक के कारण पसंद या नापसंद करते हैं। इसका नतीजा होता है कि उस इंसान में आत्मविश्वास की कमी हो जाती है।

खुद के बारे में नेगेटिव सोच :

ऊपर बताये गए इन सभी कारणों के चलते एक इंसान के मन में नकारात्मकता घर कर जाती है। वह अपने बारे में नकारात्मक सोचने लगता है, जैसे मैं कभी सफल नहीं हो सकता, मैं अच्छी नौकरी नहीं कर सकता, मुझे कोई प्यार नहीं करता, लोग मेरे लुक का मजाक उड़ाते हैं, आदि। जब इंसान खुद के बारे में ऐसा सोचता है, तो वह इन बातों पर विश्वास करने लग जाता है। परिणामस्वरूप उसके आत्मविश्वास में कमी आ जाती है।

ऊपर बताये गए ये कारण ऐसे हैं, जिनकी वजह से अधिकतर लोगों में आत्मविश्वास की कमी आ जाती है। अगर आप इन कारणों को जानकर इनका उपाय कर लें, तो आपके आत्मविश्वास में अप्रत्याशित बढ़ोतरी होगी।


आपको यह आर्टिकल कैसा लगा और आपके अनुसार आत्मविश्वास की कमी के और क्या कारण हो सकते हैं, हमें कमेंट करके ज़रूर बताएं। इसके अलावा अगर आप स्टूडेंट हैं, खुद का कोई बिजनेस शुरू करना चाहते हैं या बिजनेस कर रहे हैं या आप किसी भी प्रकार से कमाई करना चाहते हैं, तो आपको बिज़नेस कोच डॉ विवेक बिंद्रा के Free "Anybody Can Earn" वेबिनार का हिस्सा ज़रूर बनना चाहिए।