कुछ लोगों को सफलता विरासत में मिलती है तो वहीं कुछ लोग अपने कामों से सफलता की कहानी खुद ही लिखते हैं। इस बात का प्रत्यक्ष उदाहरण हैं भारत पे के पूर्व मैनेजिंग डायरेक्टर और शार्क टैंक इंडिया के पूर्व जज अशनीर ग्रोवर जिनके नाम से आज लगभग हर कोई परिचित है। इनकी प्रसिद्धि इस कदर है कि उनके नाम के चर्चे आए दिन होते रहते हैं। आईआईटी दिल्ली द्वारा 450 छात्रों में से अशनीर ग्रोवर और 5 अन्य छात्रों को एक्सचेंज स्टूडेंट के रूप में चुना गया था। इसके बाद इन्होंने भीड़ में अपनी खास पहचान बनाई। डिजिटल पेमेंट ऐप भारत पे को सफल बनाने में भी इनका अहम योगदान रहा है जिसके बाद अशनीर ग्रोवर ने शार्क टैंक इंडिया सीज़न 1 में बतौर जज हिस्सा लिया।

अशनीर ने हाल ही में अपनी नई बुक भी लॉन्च की है। जिसके चलते एक बार फिर से वो सुर्खियों में आ गए हैं, तो आइए जानते हैं अशनीर ग्रोवर के जीवन का प्रेरक सफर।

बचपन से ही पढ़ाई में थे तेज़

14 जून 1982 को दिल्ली के एक सामान्य परिवार में जन्में अशनीर ग्रोवर बचपन से ही पढ़ाई में तेज थे। उनके पिता चार्टेड अकाउंटेंट थे। वो चाहते थे कि अशनीर भी सीए बनें लेकिन उनकी इसमें कोई रुचि नहीं थी। अशनीर पढ़ाई में तेज थे इसलिए उन्होंने जेईई एग्जाम को पास कर अपने पहले ही प्रयास में आईआईटी दिल्ली में एडमिशन ले लिया। इन्होंने यहां से बीटेक सिविल इंजिनियरिंग की डिग्री हासिल की। अशनीर पढ़ने में इतने तेज थे जिसका अंदाजा आप इसी बात से लगा सकते हैं कि उनके बैच में 450 स्टूडेंट्स थे जिसमें से सिर्फ अशनीर ग्रोवर और 5 अन्य छात्रों का ही स्टूडेंट एक्सचेंज प्रोग्राम के लिए सेलेक्शन हो पाया। 2002 में वह इस प्रोग्राम के तहत, फ्रांस के नेशनल इंस्टिट्यूट ऑफ एप्लाइड साइंस ऑफ लॉयन में एक्चेंज स्टूडेंट के रूप में गए थे। उन्हें फ्रेंच एम्बेसी की तरफ से 6000 यूरो की स्कॉलरशिप भी दी गई। आईआईटी करने के बाद इन्होंने आईआईएम अहमदाबाद से एमबीए की पढ़ाई पूरी की।

कई कंपनियों में किया काम

आईआईएम से कैंपस प्लेसमेंट के जरिए अशनीर ग्रोवर को कोटक फाइनेंस बैंकिंग के उपाध्यक्ष के रूप में चुना गया था। वह 2006 से लगभग सात साल तक कोटक का हिस्सा रहे। 2013 में अशनीर एक कार्ड सर्विस कंपनी अमेरिकन एक्सप्रेस में शामिल हो गये और लगातार दो सालों तक वहां काम किया। जिसके बाद साल 2015 में उन्होंने अमेरिकन एक्सप्रेस छोड़ दिया और ग्रोफर्स के सीएफओ बन गए। 2017 में, ग्रोवर को पीसी ज्वैलर ने हेड ऑफ न्यू ज्वैलरी के रूप में नियुक्त किया गया, जहां उन्होंने एक साल तक काम किया। साल 2018 में उन्होंने साश्वत नाकरानी के साथ मिलकर भारत पे की स्थापना की।

भारत पे को सफल बनाने में निभाई अहम भूमिका

अशनीर ग्रोवर ने भारत पे को सफल बनाने में अहम रोल अदा किया। इस ऐप को बनाने का मुख्य उद्देश्य भारत में छोटे व्यापारी और किराना स्टोरों को अपनी बिक्री बनाए रखने में मदद करना था। जिसका असर भारत पे पर देखने को भी मिला। पिछले दो सालों में भारत पे ने एक मिलियन से अधिक यूज़र्स प्राप्त किए हैं। भारत पे को लोगों का भी काफी सपोर्ट मिला है। यदि आज की बात करें तो प्ले स्टोर पर भारत पे को करीब 1 करोड़ से भी अधिक बार डाउनलोड किया जा चुका है।

शार्क टैंक इंडिया से मिली पहचान

अशनीर ग्रोवर ने टीवी रियलिटी शो ‘शार्क टैंक इंडिया’ में एक जज के रूप में काम किया हैं। इस शो में उनके साथ विनीता सिंह, पीयूष बंसल, नमिता थापर, अनुपम मित्तल, ग़ज़ल अलग और अमन गुप्ता भी जज बने। अशनीर को इस शो से काफी पहचान मिली। आज अशनीर ग्रोवर की नेट वर्थ करीब 500 करोड़ रुपए बताई जाती है। वे कई कंपनियों में निवेश कर चुके हैं।

भारत पे से अलग होने के बाद शुरू कर रहे हैं अपना स्टार्टअप

साल 2022 में अशनीर ग्रोवर ने भारत पे के सह-संस्थापक और प्रबंध निदेशक के पद से इस्तीफा दे दिया। उनका यह इस्तिफा काफी विवादों से भरा था। लेकिन अशनीर एक बार फिर मार्केट में अपनी छाप छोड़ने के लिए तैयार हैं। अशनीर ग्रोवर ने हाल ही में अपनी लिखी किताब ‘दोगलापन’ को लॉन्च किया है। किताब में उनके दिल्ली में बड़े होने से लेकर देश में एक घरेलू नाम बनने तक के सफर के बारे में बताया गया है। मीडिया रिपोर्ट्स की माने तो वो अपना एक नया स्टार्टअप शुरू कर रहे हैं। उन्होंने अपनी नई कंपनी “थर्ड यूनिकॉर्न” में लगातार पांच वर्षों तक काम करने वालों को मर्सीडीज कार देने का एलान किया है।

काफी कम समय में अशनीर ग्रोवर ने वह मुकाम हासिल कर लिया है जहां तक पहुँच पाना हर किसी के लिए आसान नहीं होता है। उन्होंने अपनी मेहनत और काबिलियत के दम पर सफलता की नई कहानी लिखी है। आज वो लाखों लोगों के लिए प्रेरणास्त्रोत हैं।


आशा है कि आज का यह आर्टिकल आपको अच्छा लगा होगा। इसके बारे में अपने विचार हमें कमेंट करके अवश्य बताएं। इसके अलावा आप अगर एक व्यापारी हैं और अपने व्यापार में कठिन परेशानियों का सामना कर रहे हैं और चाहते हैं कि स्टार्टअप बिज़नेस को आगे बढ़ाने में आपको एक पर्सनल बिज़नेस कोच का अच्छा मार्गदर्शन मिले तो आपको Anybody Can Earn का चुनाव ज़रूर करना चाहिए जिससे आप अपने बिज़नेस में एक अच्छी हैंडहोल्डिंग पा सकते हैं और अपने बिज़नेस को चार गुना बढ़ा सकते हैं।